गोरखपुर।
अपना दल (सोनेलाल) की जन स्वाभिमान रैली में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज से करीब पांच हजार कार्यकर्ता जाएंगे। रैली दो जुलाई को वाराणसी के जगतपुर मैदान में होगी। इसी सिलसिले में राष्ट्रीय प्रवक्ता और गोरखपुर मंडल प्रभारी बृजेंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार को शहर आए। सर्किट हाउस में मीटिंग कर उन्होंने रैली को सफल बनाने की रणनीति बनाई। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि कार्यकर्ता आसानी से वाराणसी पहुंचे, इसके लिए रेलवे कोच बुक कराए गए हैं। बसें लगी हैं।
अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की 68वीं जयंती के अवसर पर वाराणसी में जन स्वाभिमान रैली का आयोजन किया गया है। मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की अध्यक्षता में होने वाली इस रैली में यूपी के सभी जिलों से करीब सवा लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके जरिये पार्टी समाज के सभी तबके में मजबूत पकड़ बनाने का एलान करेगी। बताएगी कि अब अपना दल (सोनेलाल) सिर्फ पूर्वांचल की पार्टी नहीं है। यूपी के सभी जिलों और सभी तबकों में अच्छी पैठ है। पार्टी के संयोजक और कुर्मी समाज के नेता अनंत प्रसाद चौधरी ने राष्ट्रीय प्रवक्ता का स्वागत किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह पटेल, मीडिया प्रभारी नितिन सोनकर, जिला महासचिव विवेक सिंह पटेल, विनोद कुमार चौधरी, अभिषेक शाही, अमित सिंह, विशाल सिंह मौजूद रहे।