गोरखपुर। शहर में जलभराव की समस्या खत्म नहीं हो पा रही है। मंगलवार दोपहर बारिश के बाद कई इलाकों में हुए जलभराव का असर दूसरे दिन भी देखने को मिला। कचहरी बस स्टैंड, फल मंडी सहित कई हिस्सों में कीचड़ जमा था। बस स्टैंड में मुसाफिर परेशान होते रहे तो मंडी में व्यापारियों और ग्राहकों को दिक्कतें उठानी पड़ीं। पानी की निकासी का कोई साधन न होने के कारण जलभराव की स्थिति जस की तस रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर में होने के इंतजाम में व्यस्त नगर निगम ने भी पानी निकालने की जुगत नहीं की।
कचहरी बस स्टैंड में यात्रियों को बसों पर सवार होने के लिए खुद को काफी बचाना पड़ रहा था। जितनी बार बसें जलभराव से गुजरतीं, पानी सड़क पर फैल जाता और वापस गड्ढे में भर जाता। इसी तरह फल मंडी और सब्जी मंडी में कीचड़ होने से व्यापारी और मजदूरों को काफी दिक्कतें हुईं। हालत ऐसी थी कि रिक्शा, ऑटो, मोटरसाइकिल, पिकअप और ठेले कीचड़ में ही फंस जा रहे थे, जिन्हें निकालने के लिए धक्का लगाना पड़ रहा था। जिला अस्पताल रोड, टाउनहाल, बुद्ध विहार, बेतियाहाता सहित कई हिस्सों में भी नालियों का पानी सड़कों पर फैला रहा।