पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय इस सत्र में कोटे के तहत 31 खिलाड़ियों को नौकरी देने जा रहा है। नौ खेलों के लिए इन दिनों सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया चल रही है। ट्रॉयल में हिस्सा लेने के लिए देश के दिग्गज अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ी गोरखपुर पहुंच रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय में गोरखपुर, वाराणसी मंडल, लखनऊ और इज्जतनगर मंडल आता है। खेल कोटे में खिलाड़ियों की भर्ती के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने दो महीने पहले विज्ञापन निकाला था। इस सत्र में क्रिकेट, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बॉस्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और एथलेटिक्स में 31 खिलाड़ियों को भर्ती किया जाना है, जिसमें सीटों के हिसाब से सभी खेलों में बराबर संख्या रखने का प्रयास किया गया है। इन खिलाड़ियों की भर्ती उनके हाल के प्रदर्शन के आधार पर ग्रुप सी और ग्रुप डी में की जाएगी।
चयन पैनल परख रहा प्रदर्शन
खिलाड़ियों की भर्ती के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने एक चयन पैनल बनाया है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और रेलवे अधिकारी शामिल हैं। खिलाड़ियों की भर्ती से पहले उनका फिजिकल, स्किल टेस्ट होगा। इसके बाद उनके प्रमाण पत्रों की जांच होगी। सबसे खास बात यह है कि पैनल इस बात पर विशेष ध्यान दे रहा है कि हाल में खिलाड़ी का प्रदर्शन कैसा रहा है।
ट्रॉयल के लिए विज्ञापन के जरिए आवेदन निकाला गया था, जिसमें देश के दिग्गज खिलाड़ी पहुंचे हैं। ग्रुप सी और ग्रुप डी में खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
- संजय यादव, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी