उत्तर प्रदेश बीएड प्रवेश परीक्षा के तहत गोरखपुर यूनिवर्सिटी के 41 केंद्रों पर कुल 30383 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर गोरखपुर यूनिवर्सिटी ने तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा के आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर नोडल अधिकारी से स्थिति का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए। 22 अप्रैल को प्रस्तावित इस परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इंतजाम की जानकारी देते हुए गोरखपुर क्षेत्र के नोडल अधिकारी प्रो. चित्तरंजन मिश्र ने बताया कि गोरखपुर में कुल 41 केंद्रों पर परीक्षा होनी है, यहां 30383 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। 22 अप्रैल की इस राज्य स्तरीय परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन भी चौकस रहेगा। प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा के निर्देशानुसार प्रत्येक दो केंद्र के बीच में जिला प्रशासन का एक प्रतिनिधि मौजूद रहेगा।
केंद्रों के 500 मीटर के परिक्षेत्र में फोटो कापी मशीन अथवा साइबर कैफे न खुला हो, इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन को सौंपी गई है। लखनऊ विश्वविद्यालय की मेजबानी में हो रही इस राज्य स्तरीय परीक्षा के दौरान केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष अथवा प्रेक्षकों के अलावा कोई भी मोबाइल अथवा अन्य इलेक्ट्रनिक उपकरण का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के आस-पास धारा 144 लागू रहेगी। परीक्षा आयोजन के दौरान इंतजाम को लेकर बुधवार को प्रशासनिक अधिकारी, जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक करेंगे। उधर बुधवार को ही यूनिवर्सिटी अपने स्तर पर केंद्राध्यक्षों की बैठक करेगी।