जिले के 30 हजार लोगों की एलजीपी सब्सिडी बंद की जाएगी। ये वो लोग हैं जिनकी आय 10 लाख से अधिक है। हालांकि न तो शासन की ओर से इस संबंध में अभी कोई गाइड लाइन आई है और न ही अधिकारी कुछ बोलने को तैयार हैं, मगर एजेंसियों में तैयार रिपोर्ट के मुताबिक जिले में 30 हजार लोग ऐसे हैं जो इस दायरे में आ रहे हैं।
शासन ने दस लाख की आमदनी वालों की सब्सिडी बंद करने का फैसला किया है। इसी के मद्देनजर गैस एजेंसियां करीब दो महीने पहले से ही हॉकरों के जरिये उपभोक्ताओं की हैसियत का आकलन करा रही थीं। जैसे-जैसे रिपोर्ट आ रही है, उसका विवरण कंप्यूटर में फीड किया जा रहा है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो जिले में 30 हजार लोग इस दायरे में आ रहे हैं। गैस एजेंसियों द्वारा तैयार गोपनीय रिपोर्ट में ऐसे लोगों के नाम हैं जिनकी सब्सिडी बंद की जानी है।
हालांकि ऑयल कंपनी के अफसर शासनादेश न आने की दुहाई देकर अभी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। बता दें कि जिले में तीनों ऑयल कंपनी के कुल मिलाकर करीब 5.37 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें 10 लाख से अधिक आय वालों का गोपनीय तरीके से पता लगाया जा रहा है।