मकर संक्रांति पर गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में दूसरे दिन रविवार को भी हजारों लोगों की भीड़ रही। छुट्टी का दिन होने के कारण स्कूल, कॉलेज और अन्य कोचिंग सेंटरों के विद्यार्थी भी मेले में पहुंचे। इसके अलावा परिवार के साथ भी बच्चों ने मेले में खूब मस्ती की। मेले के दूसरे दिन खिचड़ी चढ़ाने वालों की संख्या भले ही कम नजर आई, लेकिन झूला, खानपान, खरीदारी के लिए दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ रही। खासतौर पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की।
गले के हार, अंगूठी और मेकअप आदि साजो सामान के अलावा किचन तथा घर की सजावट का सामान खूब खरीदा। लोगों ने एक दाम की दुकानों पर सस्ती और किफायती चीजें खरीदीं। स्कूल, कॉलेज तथा अन्य संस्थानों से पहुंचे विद्यार्थियों ने ऊंचाई पर जाने वाला झूला, ट्रेन, कार चरखी आदि आदि का आनंद लिया।
मेले में एक बात यह सामने आई कि कुछ युवा परिजनों को बिन बताए मेला घूमने पहुंचे थे। संवाददाता ने जब कुछ युवाओं से बातचीत करनी चाही तो युवतियों ने जवाब दिया कि वे बिन बताए ही यहां अपने दोस्तों के साथ मेले देखने आई हैं।