बीडीसी सदस्यों ने प्रभारी बीडीओ को सामूहिक त्यागपत्र दिया।
- फोटो : GORAKHPUR DEHAT
भटहट के 29 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने दिया इस्तीफा
भटहट (गोरखपुर)। भटहट ब्लॉक के 29 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शुक्रवार को सामूहिक रूप से डीडीओ को अपना इस्तीफा दे दिया। इन सदस्यों का कहना है कि विकास कार्यों में उनके क्षेत्रों की उपेक्षा होने से क्षुब्ध होकर उन्होंने यह कदम उठाया है।
भटहट ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत में विकास कार्यों को कराने के लिए शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। बैठक खत्म होने के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने डीडीओ व प्रभारी बीडीओ अनिल कुमार सिंह को सामूहिक इस्तीफा का पत्र दिया। पत्र पर 29 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। ब्लॉक में कुल 97 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रकेश जायसवाल, सिद्धू पासवान, अशोक कुमार, अनोखेलाल, उग्रसेन आदि का कहना था कि नियमानुसार हर तीन महीने में ब्लॉक स्तरीय बैठक में गांवों के विकास के लिए समीक्षा की जानी चाहिए। पर कार्य योजनाओं का प्रारूप भरने के बाद कोई भी काम पूरा नहीं हुआ। तीन साल से अधिक समय हो गए, पर अब तक कोई भी काम उन्हें नहीं मिला। यह भी आरोप लगाया कि ब्लॉक प्रमुख उत्तमा देवी की ओर से उन्हें कभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिलता।
कोट
29 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकास कार्यों में उपेक्षा का आरोप लगाकर स्वेच्छा से त्यागपत्र दिया है। एक ही पत्र पर सबके हस्ताक्षर हैं। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- अनिल कुमार सिंह, डीडीओ
----
विकास कार्यों में उपेक्षा का आरोप पूरी तरह से निराधार है। पूरे ब्लॉक क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कुछ लोग निजी लाभ चाहते हैं।
- उत्तमा देवी, ब्लॉक प्रमुख