जिले के 217 बूथों में बदलाव किया गया है। कुछ विधानसभा क्षेत्रों के कुछ बूथों को अलग किया गया है तो कुछ में संशोधन किए गए हैं। इनमें गोरखपुर शहर में सर्वाधिक 39, कैंपियरगंज में 26, पिपराइच में 36, ग्रामीण में 27, सहजनवां में 13, खजनी में 26, चौरीचौरा में 27, बांसगांव में सात तथा चिल्लूपार में 16 बूथ शामिल हैं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पुनरीक्षण अभियान के मद्देनजर प्रशासन ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई थी। बैठक में कहा गया कि बूथों में हुए संशोधन पर कोई आपत्ति है तो वे तीन दिन के भीतर सुझाव या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन लवकुश त्रिपाठी ने सभी प्रतिनिधियों से अपील की कि वे भी अपने क्षेत्र की मतदाता सूची की गड़बड़ियों को दुरुस्त करने में प्रशासन की मदद करें। कहा कि इसके लिए पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने की जरूरत है कि वे खुद भी आगे आएं और अपने-अपने मोहल्ले, गांव और कस्बों की मतदाता सूची की गड़बड़ियों को प्रशासन से साझा करें। बैठक में सभी एसडीएम मौजूद रहे।