बनकटी पीसीएफ गोदाम के संचालन की मांग
ग्रामीणों ने एसडीएम को विधायक का समर्थन पत्र सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। ग्रामीणों ने सोमवार को एसडीएम आरबी सिंह को पत्र देकर बनकटी स्थित पीसीएफ गोदाम संचालित करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने एसडीएम को विधायक बजरंग बहादुर सिंह का समर्थन पत्र भी सौंपा। जिसमें विधायक ने जनहित में गोदाम को संचालित करवाने की बात कही है।
बनकटी के ग्राम प्रधान अनीता चौरसिया, रविंद्र सिंह, बिंदू सिंह, प्रेमचंद निषाद व सुरेश यादव के साथ ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जब भी अनाज बेचे जाने का समय आता है तो पीसीएफ बनकटी का गोदाम बंद कर दिया जाता है। ग्रामीण कई साल से इस समस्या से परेशान हैं। सरकार की नीति क्षेत्र के किसानों की समस्याओं के समाधान व लाभ पहुंचाने के लिए है। इसके पहले भी गेहूं बेचे जाने के समय गोदाम बंद कर दिया गया था, जिस पर एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद गोदाम खोला गया। अब जबकि खरीफ की फसल बेचे जाने का समय आया है तो फिर से गोदाम बंद हो गया। इससे क्षेत्र के किसानों के समक्ष समस्या पैदा हो गई है। इस दौरान प्रयाग राज, रामवृक्ष यादव, सुदीश कुमार, गेनई यादव, प्रमोद कुमार यादव, विजय कुमार, विनय यादव, रामकेश चौरसिया, जगदीश प्रसाद चौरसिया आदि मौजूद रहे।