ब्रह्मपुर। झंगहा के इटौवा घाट के पास गोर्रा नदी में जान देने के लिए कूदी युवती को बचाने वाले तीन युवकों की सराहना हो रही है। गांव के लोग एक-दूसरे से उनकी बहादुरी की चर्चा करते नजर आ रहे हैं।बुधवार को झंगहा के लक्ष्मणपुर निवासी 18 साल की युवती इटौवा घाट के पास अचानक नदी में कूद गई थी। नदी में उसे तड़पता देख 10वीं के छात्र तमजीद, मुहम्मद जलील और जयप्रकाश खुद की जान जोखिम में डालकर नदी में कूद गए।
मौके पर मौजूद तो कई लोग थे, लेकिन नदी में कूदने का साहस इन्हीं तीन युवकों ने दिखाया। उन्होंने युवती को सकुशल बाहर निकाल दिया। तमजीद ने बताया कि कोचिंग से लौटते समय भीड़ देखकर वह भी चला गया। सभी शोर मचा रहे थे लेकिन युवती को बचाने कोई नहीं जा रहा था। मुहम्मद जलील ने बताया कि जब उन्हें तैरना आता है तो वह किसी को खुद के सामने मरता कैसे देख सकते थे। तीसरे तैराक जयप्रकाश ने बताया कि वह वहीं मछली मार रहे थे। युवती को कूदते देख वह तुरंत वहां पहुंच गए। दो अन्य युवकों के आ जाने से और मदद मिल गई। तीनों ने युवती की जान बचाने पर खुशी जताई।