गोरखपुर के जिलाधिकारी के विजयेंद्र ने की बैठक
गोरखपुर। जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन ने कलेक्ट्रेट सभागार में हुई दिव्यांग बंधुओं की बैठक में दिव्यांगों का यूनिक आई कार्ड बनाने में और गति लाने के निर्देश दिए। यही नहीं, उन्होंने चरगांवा में चल रहे डीडीआरसी केंद्र को सीतापुर आई हास्पिटल में शिफ्ट करने को भी कहा।
बैठक में समीक्षा के दौरान डीएम ने जिला उद्योग केंद्र एवं ग्रामोद्योग विभाग में लाभार्थियों के चयन में तीन प्रतिशत दिव्यांगों का आरक्षण प्रभावी ढंग से लागू करने, नगर आयुक्त को सुलभ शौचालयों में रैंप की व्यवस्था करने और ब्लाक स्तर पर दिव्यांगों के लिए लोन मेला लगवाने का निर्देश दिया।
इस मौके पर उन्होंने नसीमा खातून, अनिल, हिना, सुनील, दीपू, प्रताप सिंह, अरुण कुमार गुप्ता, ज्योति कन्नौजिया, हर्षिता, श्रीजी, रासिना को ब्रेल किट देकर सम्मानित किया। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, दिव्यांग अधिकारी मीनू सिंह, डीपीओ हेमंत सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी अरविंद यादव आदि कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।