गोरखपुर। हिंदू युवा वाहिनी (हिंयुवा) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है। तय हुआ है कि यूपी के अलग-अलग जिलों में करीब पांच लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी जिला, महानगर, तहसील और ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों को दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही हिंयुवा के संरक्षक हैं। उनका जन्मदिन पांच जून को है। इसी दिन विश्व पर्यावरण दिवस भी है। हिंयुवा के महामंत्री पीके मल्ल ने बताया कि सामान्य तौर पर गोरक्ष पीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन नहीं मनाया जाता था।
यह पहला मौका है, जब उनके जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया गया है। पांच जून को विशेष पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान में यूपी के करीब ढाई लाख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। नगर पंचायत, क्षेत्र पंचायत स्तर पर भी पौधरोपण की योजना है।