पीपीगंज। लोगों के विरोध के कारण नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ में बंद पड़ी शराब की दुकान खुलवाने में आबकारी विभाग की टीम सफल नहीं हो पाई और सिर्फ चेतावनी देकर बैरंग वापस लौट गई। पास में ही मंदिर और मस्जिद है, जिसे लेकर दुकान का विरोध हुआ था। दो महीने से विरोध की वजह से ही दुकान बंद पड़ी है।
कस्बे के वार्ड नंबर आठ में सालों से मानकों के विपरीत चल रही दुकान के करीब 55 मीटर के ही दायरे में एक मंदिर एवं मस्जिद है। इसको लेकर बीते 15 अप्रैल को भारी विरोध प्रदर्शन हुआ था। गोरखनाथ मंदिर में भी जाकर लोगों ने शिकायत की थी, जिसके बाद कैम्पियरगंज की एसडीएम पूजा मिश्रा के निर्देश पर दुकान बंद हुई थी। शुक्रवार को एक बार फिर आबकारी विभाग के अफसर पुलिस बल के साथ पहुंच गए थे। इसकी जानकारी होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में प्रद्मनाभ श्रीवास्तव, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष अनिल अग्रहरि, सभासद जितेश जायसवाल, कमलेश, संदीप, जय प्रकाश आदि उपस्थित थे।