गोरखपुर। सड़कों पर अब पशुओं को छोड़ना महंगा पड़ जाएगा। नगर निगम अगर इन्हें पकड़ लेता है तो छुड़ाने के लिए पशुपालकों को दो हजार रुपये जुर्माना देना पड़ेगा। नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश सिंह के आदेश पर इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
अब तक बड़े पशुओं के लिए जुर्माना राशि 500 रुपये थी। शुक्रवार को इसे चार गुना बढ़ा दिया गया। यही नहीं, ये पशु जितने दिन नगर निगम के पशुबाड़े में रहेंगे, उतने दिनों का प्रतिदिन 100 रुपये की दर से खुराक के लिए अलग से भुगतान करना होगा। छोटे पशुओं यानी बछड़ा, बछिया, बकरा-बकरी के पकड़े जाने पर इन्हें छुड़ाने के लिए 100 रुपये देना होगा। अब तक इनके लिए जुर्माने का कोई प्रावधान नहीं था। सिर्फ खुराक के रूप में प्रतिदिन की दर से 35 रुपये लिए जाते थे। अब इसे भी बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है।