गोरखपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रमाण पत्र देने के लिए बड़हलगंज ब्लाक पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद-विधायक के बीच हुई नोकझोेंक का खामियाजा वहां के बीडीओ को भुगतना पड़ा। मुख्य विकास अधिकारी ने उन्हें वहां से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। अब लाभार्थियों का प्रमाणपत्र उनके घर भेजा जाएगा।
शनिवार को बड़हलगंज ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र वितरण का कार्यक्रम रखा गया था। इसमें उस ब्लाक के लाभार्थियाें को प्रमाण पत्र दिया जाना था। इसी दौरान मंच पर लगी कुर्सी के मुद्दे पर सांसद और विधायक के बीच बहस होने लगी। इससे नाराज सांसद समर्थकों सहित वापस चले आए। उन्होंने इस विवाद के लिए बीडीओ को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें हटाने की मांग की। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया तो मुख्य विकास अधिकारी ने बीडीओ को हटा दिया। उन्होंने बताया कि अब प्रमाण पत्र वितरण के लिए कोई आयोजन नहीं होगा बल्कि जो भी लाभार्थी हैं उनके घर पहुंचा दिया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अनुज सिंह ने कहा कि यदि बीडीओ ने कार्यक्रम का आयोजन किया था और जनप्रतिनिधियों को बुलाया था तो उनके बैठने की व्यवस्था भी ठीक होनी चाहिए थी, मगर वह ऐसा नहीं कर पाए। इसी नाते उन्हें हटाया गया है। जल्द ही किसी दूसरे बीडीओ की तैनाती कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उसी दिन गोला ब्लाक में भी प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित होना था, जो नहीं हो पाया। उसे अब बाद में आयोजित किया जाएगा।