गोरखपुर।
डॉ. कफील खान की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। दो दिन पहले तक एक बच्चे को गोद में लेकर मानवता की मिसाल बने डॉ. कफील नर्सिंग होम में ताला बंद कर भूमिगत हो गए हैं। वहां भर्ती मरीजों को आनन-फानन में डिस्चार्ज कर दिया गया। सोमवार की सुबह नर्सिंग होम और क्लीनिक पर ताला बंद देखकर लोग हैरान हो गए। कई उनके समर्थन में तो कई उनके विरोध में दलीलें देते नजर आए।
मेडिकल कॉलेज में 100 बेड के इंसेफेलाइटिस के हेड रहे डॉ. कफील के प्राइवेट प्रेक्टिस का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। इसके पहले डॉक्टर की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें वे मेडिकल कॉलेज में बच्चों को बचाने के दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस पर उनकी खूब तारीफ हुई थी, लेकिन इसके बाद मामला बिगड़ता चला गया। रविवार को गोरखपुर आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें हटा दिया था। मुख्यमंत्री के प्राइवेट प्रेक्टिस करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश से हड़कंप मच गया। रातों रात क्लिीनिक से डॉक्टर और स्टाफ के लापता होने से माना जा रहा है कि डॉ. कफील पर जल्द बड़ी कार्रवाई हो सकती है।