कुशीनगर। राशन वितरण में अगर कहीं अनियमितता मिली तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यदि कोटेदार को गोदाम से राशन कम मिले तो सूचना दें। त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
ये बातें एसडीएम त्रिभुवन ने शनिवार को ब्लॉक सभागार में कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के कोटेदारों के साथ आयोजित बैठक में कही। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर सरकारी गोदाम से शत प्रतिशत राशन उठान करें। राशन उठान के समय तहसीलदार व नायब तहसीलदार की ड्यूटी होगी। राशन कोटेदार के गोदाम में पहुंचने के बाद लेखपाल स्टॉक का मिलान कर रिपोर्ट देंगे। उन्होंने कहा कि राशन वितरण के समय सभी दुकानों पर ब्लॉक के कर्मचारी तैनात रहेंगे। कभी भी एसडीएम, तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार निरीक्षण कर सकते हैं। स्टॉक कम मिलने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कोटेदारों से कहा कि गांवों में राशनकार्ड का सत्यापन कर रहे कर्मचारियों का आवश्यकतानुसार सहयोग करें। एक सप्ताह के भीतर आधारकार्ड की प्रति भी उपलब्ध करा दें। पूर्ति निरीक्षक प्रवीण कुमार गुप्ता ने कहा कि कोटेदारों को अपनी दुकानों पर सरकारी मूल्य और स्टॉक बोर्ड लगाना जरूरी है। हर गरीब को सरकारी दर पर राशन देना है। इसमें मनमानी क्षम्य नहीं होगी।
बैठक में रामनिवास, रामकृपाल, पुरुषोत्तम, सुभाष, रामसूचित, जटाशंकर, रामगोपाल, धीरेंद्र सहित कई अन्य कोटेदार उपस्थित थे।