गोरखपुर। गगहा के सोनइचा में बृहस्पतिवार की दोपहर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर हमला कर बदमाशों ने बैग लूट लिया। बैंग में 2.20 लाख रुपये और मोबाइल था। वारदात के बाद बदमाश मझगांवा की तरफ भाग निकले। एसएसपी अनंत देव ने मामले की जानकारी ली। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
गगहा, मझगांवा प्रतिनिधि के अनुसार आजमगढ़, रासेपुर के रहने वाले संजीव पांडेय एसकेएस माइक्रो फाइनेंस कंपनी की बड़हलगंज शाखा में तैनात हैं। गगहा क्षेत्र के नर्रे, मझगांवा, सोनइचा, बेला, सकरी गांवों से वसूली कर वह बड़हलगंज ऑफिस लौट रहे थे। दोपहर एक बजे सोनइचा गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास बाइक से आए दो बदमाशों ने पिस्टल तान संजीव को रोक लिया और बैग छीनकर मझगांवा की तरफ भाग निकले।
घटना की जानकारी उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंचे एसओ गगहा गिरजेश तिवारी को संजीव ने बताया कि बैग में 2.20 लाख रुपये और मोबाइल था। जानकारी मिलने पर एसएसपी अनंत देव भी गगहा थाने पहुंच गए। पीड़ित से बदमाशों का हुलिया पूछने के बाद बड़हलगंज, गोला, खजनी, बांसगांव, गगहा क्षेत्र में इससे मिलते जुलते लोगों के बारे में छानबीन करने का निर्देश दिया। देर शाम तक पुलिस ने चौराहे पर नाकाबंदी कर चेकिंग की लेकिन बदमाश नहीं मिले। एसएसपी अनंत देव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश चल रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करेंगे।
सोमवार को सात घटनाओं का पर्दाफाश
गगहा क्षेत्र में हुई लूट की सात घटनाओं का एसएसपी ने सोमवार को पर्दाफाश कर दो बदमाशों को जेल भेजा था। वारदात में शामिल उनके दो साथी फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि फरार बदमाशों ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद क्राइम ब्रांच के साथ ही गगहा पुलिस ने बदमाशों के घर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिले।
गगहा में हुई लूट की मुख्य घटना
0.21 जनवरी 2016 बंधवा गांव के पास 68 हजार की लूट
0. 13 जनवरी 2016 पांडेयपार के पास 55 हजार की लूट
0. 22 दिसंबर 2015 गजपुर मोड़ पर 40 हजार की लूट
0. 13 अप्रैल 2015 अतायर मोड़ के पास 60 हजार की लूट
0. 15 मार्च 2015 भीटी के पास 30 हजार की लूट