छात्रसंघ चुनाव न होने पर अनशन की चेतावनी
चुनाव के लिए तिथि निर्धारित किए जाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंप कर छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित कराने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि चुनाव की तिथि जल्द घोषित नहीं की गई तो कॉलेज में आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष त्रिभुवन वर्मा ने कहा कि पूर्व में छात्रसंघ चुनाव के लिए छह सितंबर की तिथि निर्धारित की गई थी। इस बीच मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी गई, जबकि कॉलेज में छात्रों की प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस बारे में कॉलेज के प्राचार्य ने लिखित रूप से जानकारी दी है। ऐसे में छात्रसंघ चुनाव स्थगित किया जाना छात्र हित में ठीक नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अविलंब छात्रसंघ चुनाव कराने की घोषणा नहीं की गई तो छात्रों द्वारा आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। अविनाश कुमार ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव के लिए सभी प्रक्रिया पूरी कराने जाने के बाद चुनाव स्थगित किए जाने से छात्रों में आक्रोश है। इस मौके पर अभय प्रताप सिंह, आलोक रंजन दूबे, दीपक द्विवेदी, मंदीप पटेल, सूरज कुमार नायक, मनीष कुमार यादव आदि मौजूद रहे।