बिना नेटवर्क होंगी असीमित बातें
- बीएसएनएल के नए एप ‘विंग’ से मिलेगी सुविधा
- साल में एक बार 1099 रुपये से कराना होगा एक्टिवेशन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बीएसएनएल ने पहली बार इंटरनेट टेलीफोन सेवा शुरू की है। इसके इस्तेमाल के लिए आपको ‘विंग’ एप डाउनलोड करना होगा। आप किसी भी नेटवर्क का नंबर इस्तेमाल करते हों, एक बार इस एप के साथ रजिस्टर कर लिया तो देश के किसी भी कोने में बात कर सकेंगे। खास यह है कि अपने वर्तमान नंबर से रजिस्ट्रेशन के बाद आपके मोबाइल में नेटवर्क न हो तो भी सेटेलाइट के माध्यम से आपकी कॉल कनेक्ट हो जाएगी।
बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक जीपी त्रिपाठी ने बताया कि एप पर इस सेवा को एक्टीवेट करने के लिए 1099 रुपये खर्च करने होंगे। इंटरनेट कॉलिंग की सुविधा देने वाले अन्य एप से बात करने के लिए आप जिसे फोन कर रहे हैं उसके मोबाइल में भी वह एप होना जरूरी होता है। लेकिन विंग के साथ ऐसा नहीं है। आप उसे भी फोन कर सकते हैं जिसने यह एप डाउनलोड न किया हो। इससे लैंडलाइन नंबर पर भी फोन किया जा सकता है। एप को सक्रिय करते वक्त जो मोबाइल नंबर आप डालेंगे बीएसएनएल दफ्तर में उसका रिकॉर्ड में आ जाएगा।
रजिस्ट्रेशन काउंटर खुले
प्रधान महाप्रबंधक ने बताया कि सभी मुख्यालयों पर दो-दो और सभी उपकेंद्रों पर एक-एक काउंटर खोल दिए गए हैं। यहां से भी उपभोक्ता रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। मोबाइल फोन से ही इसे डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें नए सिम की जरूरत नहीं है।