गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के बीटेक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए रविवार को पांचवें राउंड में सीटों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर सूची भी घोषित कर दी गई है। कुल रिक्त 39 सीटों का आवंटन किया गया है। प्रतीक्षा सूची में 75 अभ्यर्थियों को रखा गया है।
चतुर्थ चरण में कागजातों के सत्यापन के बाद बीटेक की 27 सीटें रिक्त रह गई थी। पूर्व में चयनित एवं इच्छुक छात्रों के सीट अपग्रेडेशन के बाद पांचवें चरण में सीटों का आवंटन किया गया। इसी प्रकार बीटेक द्वितीय वर्ष लेटरल इंट्री में रिक्त दो सीटों के लिए भी अपग्रेडेशन के बाद सीटों का आवंटन किया गया। बीटेक द्वितीय वर्ष लेटरल इंट्री में छह अभ्यर्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
पीआरओ प्रो डीएस सिंह ने बताया कि एमबीए, एमसीए, एमटेक, पीएचडी (पूर्णकालीन एवं अंशकालीन) की समस्त सीटें फुल हो चुकी हैं। जिन अभ्यर्थियों को सीट का आवंटन किया गया है वे शुल्क जमाकर 24 जुलाई को सुबह 10 बजे आकर अपने समस्त प्रमाण पत्र का सत्यापन करा लें और शुल्क का डिमांड ड्राफ्ट के साथ रिपोर्ट करें। रजिस्ट्रेशन के अगले दिन से पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
रजिस्ट्रेशन 25 व 26 को
यूनिवर्सिटी में नया प्रवेश लेने वाले एमबीए, एमसीए, एमटेक, एमएससी, बीटेक लैटरल इंट्री, पीएचडी के विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन के लिए 25 जुलाई एवं बीटेक प्रथम वर्ष के छात्रों को 26 जुलाई रिपोर्ट करना है। रजिस्ट्रेशन के बाद अगर सीटें रिक्त रहती हैं तो उन सीटों पर प्रवेश स्पॉट काउंसिलिंग के माध्यम से होगा। विद्यार्थी यूनिवर्सिटी की वेबसाइट www.mmmut.ac.in पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन पर बस की सुविधा
बीटेक प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने के लिए आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन से बस की व्यवस्था की है। 25 एवं 26 जुलाई की सुबह 8 बजे, 10 बजे एवं 11 बजे बस मौजूद रहेगी।