सिद्धार्थनगर।जिले के छह ब्लॉकों में रिक्त चल रहे प्रमुख के पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। सात मार्च को संबंधित ब्लाकों में नामांकन होगा। इसी दिन फार्म की जांच होगी। आठ मार्च को नाम वापसी और नौ मार्च को मतदान कराया जाएगा और परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम के ऐलान के साथ ही संबंधित ब्लाकों में जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है।
जिले के कुल 14 में से 6 ब्लाकों में ब्लाक प्रमुख का पद अविश्वास प्रस्ताव के चलते रिक्त हैं। इसमें खुनियांव में अन्य पिछड़ा वर्ग, डुमरियागंज में अनारक्षित, बढ़नी में अनुसूचित जाति महिला, भनवापुर व मिठवल में महिला और खेसरहा प्रमुख का पद अनारक्षित है। जिला मजिस्ट्रेट कुणाल सिल्कू ने बताया कि उप निर्वाचन के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। चुनाव प्रक्रिया संबंधित ब्लाक कार्यालय में संपन्न कराई जाएगी।