गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत तैनात संविदा कर्मचारियों ने कई माह से बकाए वेतन और पिछले साल के एरियर के भुगतान के लिए बुधवार को प्राचार्य डॉ. पीके सिंह से गुहार लगाई। प्राचार्य को संविदा कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ब्लड बैंक में तैनात कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं मिला है, जबकि इंसेफेलाइटिस वार्ड में तैनात कर्मचारी तीन महीने से वेतन व एरियर का इंतजार कर रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में एनएचएम के जरिए करीब ढाई सौ कर्मचारी तैनात हैं। इनमें दो दर्जन से अधिक डॉक्टर भी हैं। सबसे ज्यादा कर्मचारी बालरोग विभाग में तैनात हैं। इस विभाग कमर्चारियों के वेतन में वर्ष 2016 में पांच फीसदी बढ़ोत्तरी हुई। उसका एरियर कर्मचारियों को अब तक नहीं मिला। इसके अलावा कर्मचारियों को तीन महीने से वेतन भी नहीं मिला है। उधर, ब्लड बैंक समेत दूसरे विभाग में तैनात एनएचएम कर्मचारियों को तो छह महीने से वेतन नहीं मिल सका है। प्राचार्य ने कर्मचारियों को शीघ्र बकाया वेतन भुगतान का आश्वासन दिया।