गोरखपुर। खानपान की घटिया क्वालिटी और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूलने की शिकायत सही पाए जाने पर पूर्व मध्य रेलवे ने बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पेंटीकार का ठेका निरस्त कर दिया है। मंगलवार को ट्रेन में खानपान की व्यवस्था आईआरसीटीसी ने संभाल ली, मगर यात्रियों को नाश्ता और भोजन को लेकर काफी मुश्किलें झेलनी पड़ीं। रेलवे स्टेशन पर जब ट्रेन रुकी तो खानपान के स्टॉल और जनता भोजन के लिए यात्री टूट पड़े।
पिछले दिनों छपरा में पूर्व मध्य रेलवे और देवरिया से गोरखपुर के बीच पूर्वोत्तर रेलवे की कामर्शियल शाखा ने बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पेंट्रीकार की चेकिंग की थी। तब गंदगी के अलावा खाने की क्वालिटी भी खराब पाई गई थी। यात्रियों ने बताया था कि वेंडरों ने उनसे अधिक रुपये भी चार्ज किए। रिपोर्ट के बाद पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने सोमवार को पेंट्रीकार का ठेका निरस्त कर दिया। 0
ट्रेन में दिया गया ‘रेडी टू ईट मील’
पेंट्रीकार में नाश्ता और भोजन की व्यवस्था न हो पाने के बाद आईआरसीटीसी ने डिमांड पर यात्रियों को रेडी टू ईट मील और पानी, चाय, कोल्ड ड्रिंक्स, चिप्स मुहैया कराई। हालांकि बहुत कम यात्रियों ने रेडी टू ईट मील लिया। पहले से जानकारी न होने से यात्रियों ने सफर के पहले खाना पैक नहीं कराया था, इसलिए स्टेशनों पर ट्रेन रुकते ही खाना और नाश्ता तलाशने लगे। गोरखपुर स्टेशन पर स्टॉल पर जनता खाना और फास्ट फूड के लिए होड़ लग गई। कई यात्रियों ने ऑनलाइन खाना बुक कराया। गोरखपुर से ट्रेन में चढ़े मनोज विश्वकर्मा ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि पेंट्रीकार से खाना नहीं मिलेगा तो उन्होंने ऑनलाइन खाना बुक करा लिया।
सप्ताह भर रहेगी दिक्कत
बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में खानपान को लेकर सप्ताह भर समस्या बनी रहेगी। सूत्रों की मानें तो ठेके को लेकर टेंडर की प्रक्रिया इस बीच फाइनल हो जाएगी। तब तक डिब्बा बंद खाना और रेडी टू ईट मील ही यात्रियों को मिल पाएगा।