फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्यशैली नहीं सुधरी तो होगी कार्रवाई : एमडी

Tue, 06 Feb 2018 08:32 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
‌अधिकारियों के साथ बैठक करते एमडी। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
गोरखपुर जोन के दौरे पर आए एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी अतुल निगम ने मीटर लगाने की धीमी गति पर नाराजगी जताई। मुख्य अभियंता कार्यालय स्थित सभागार में मीटर विभाग के अधिकारियों के साथ लगभग एक घंटे समीक्षा बैठक में सौभाग्य योजना समेत राजस्व वसूली के बारे में जानकारी भी ली। इस दौरान मीटर विभाग की ओर से लापरवाही मिलने पर अफसरों को चेताया। कहा, कार्यशैली नहीं सुधरी तो कार्रवाई तय है।
विज्ञापन


सोमवार की देर शाम ही एमडी गोरखपुर आ गए थे। उन्होंने विभाग के आलाधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। इसी दौरान उन्होंने मीटर कनेक्शन पर चर्चा की थी। मंगलवार को उन्होंने सिर्फ मीटर डिवीजन के अफसरों को ही बुलाया। इसमें पता चला कि ग्रामीण इलाकों में कनेक्शन जारी कर दिया गया है। लेकिन इन कनेक्शनों को मीटर से जोड़ कर फीडिंग नहीं की जा सकी है। इससे राजस्व की भारी क्षति हो रही है। एमडी ने इस पर खासी नाराजगी जताई। उन्होंने सहायक अभियंता को दस दिनों में लक्ष्य को पूरा करने का समय दिया है। काम में तेजी नहीं मिली तो कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

गुणवत्ता की परख करेंगे अधिकारी
एमडी ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ज्योति योजना के तहत गांवों में कनेक्शन बांटे जाने हैं। कुल 154 मजरों में कनेक्शन दिए जाने हैं। कुछ जगह पोल भी लगा दिए गए हैं। अधिशाषी अभियंता ग्रामीण की निगरानी में पोल, तार की गुणवत्ता जांची जाएगी। इसके बाद ही उसे मीटर से जोड़ा जाएगा।
विज्ञापन


दो लाख से अधिक मीटर लगाने का लक्ष्य
एमडी ने बताया कि गोरखपुर जिले में कुल दो लाख 41 हजार कनेक्शनों को मीटर से जोड़ा जाएगा। फिलहाल 40 हजार मीटर लगाए जा चुकें हैं। इनमें से 32 हजार कनेक्शनों में फीडिंग भी हो चुकी है। मुख्य अभियंता एके सिंह ने बताया कि अगले दो महीने में 30-30 हजार कनेक्शन में मीटर लगाया जाएगा।

संविदा कर्मियों की डिटेल मांगी
एमडी के सामने खोराबार संविदा कर्मी की मौत का मामला आया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद संविदा कर्मी के जीवन बीमा और ईपीएफ के रजिस्ट्रेशन में धांधली पर उन्होंने ठेकेदारों के साथ सख्ती बरतने को कहा। उन्होंने सभी संविदा कर्मियों के ईपीएफ एकाउंट नंबर अधिकारियों से मांगा है।

निर्माणाधीन एम्स बिजली घर का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद एमडी ने निर्माणाधीन एम्स का रुख किया। वहां बन रहे बिजली उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता कार्यखंड एमएन गोयल से तय समय (जून 2018) तक निर्माण कार्य पूरा कराने को कहा। इस दौरान निर्माण कार्य से वह संतुष्ट नजर आए। अधिशाषी अभियंता ने बताया कि नए बिजली घर में 10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। 1200 मीटर क्षेत्रफल में निर्माण किया जाना है।

40 लाख स्मार्ट मीटर लगेंगे
एमडी ने बताया कि पूरे प्रदेश में 40 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है। गोरखपुर, बनारस, इलाहाबाद में लगेंगे। अभी ट्रायल के तौर पर 100 मीटर बनारस में लगा दिए गए हैं। दो महीने के बाद ट्रयल रिपोर्ट सही पाए जाने पर इसे तीनों जगहों पर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

सरकारी दफ्तरों में तेज हो वसूली
एमडी अतुल निगम ने कहा कि सरकार की तरफ से सभी सरकारी विभागों में धन मुहैया करा दिया गया है। विभाग के अधिकारी सरकारी दफ्तरों से वसूली कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने बताया कि कुल 54 करोड़ रुपये की बकाएदारी थी। इसमें 19 करोड़ रुपये जमा करा दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें