इटवा(सिद्धार्थनगर)। स्कूल से लौटते समय लापता हुआ आभास मिश्रा (12) पुत्र राकेश मिश्रा चौबीस घंटे बाद बुधवार को बदहवास हालात में घूमते हुए लखनऊ के एक टेंपो चालक को मिला। चालक ने फोन से परिजनों को सूचित कर बालक को लखनऊ के हुसैनगंज पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया। बालक ने बोलेरो सवार पांच बदमाशों पर अपहरण करने की बात कही है। वहीं घर के लोग बालक को लेने लखनऊ पहुंच चुके हैं।
थाना मिश्रौलिया के ग्राम इनरीग्रांट निवासी आभास इटवा स्थित एक प्राईवेट स्कूल में पढ़ता है। आभास के पिता राकेश मिश्रा ने फोन पर बताया कि मंगलवार को बेटा स्कूल की छुट्टी के बाद साइकिल से घर वापस आ रहा था। शाम चार बजे के करीब बेलवा-होरिलापुर मार्ग स्थित बयारा गांव के पास बोलेरो सवार लोगों ने साइकिल को रोक कर उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया। उसके बाद गाड़ी लगातार चलती रही। भोर में अपहर्ता चाय पीने के लिए एक दुकान पर गाड़ी से उतरे। इतने में मौका देख आभास भाग निकला। बदहवास हालत में उसने एक टेंपो चालक को हाथ देकर रोका और पूरा घटनाक्रम बताया। दूसरी तरफ परिजन खोज-बीन में लगे रहे। सुबह टेंपो चालक ने फोन पर परिजनों को बालक के मिलने की सूचना दी। इस संबंध में एसओ मिश्रौलिया पंकज सिंह ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है। बालक के वापस आने पर पुलिस पूछताछ करेगी। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात बदमाशों की खोजबीन में पुलिस को लगाया जाएगा।