गोरखपुर।
रेलवे में मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को स्वच्छ आहार दिवस मनाया गया। इसके तहत रेलवे स्टेशन पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक देवानंद यादव के नेतृत्व में खानपान स्टॉलों की जांच हुई। खामियां पाए जाने पर 28 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। भविष्य में कमियां मिलने पर ठेका निरस्त करने की चेतावनी भी दी गई।
जांच टीम ने स्टेशन पर अवैध तरीके से खानपान के सामान बेच रहे छह वेंडरों को पकड़ा। इनसे भी जुर्माना वसूलकर दोबारा स्टेशन पर सामान न बेचने की हिदायत देकर छोड़ा। टीम के सदस्यों ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से खानपान के सामान की गुणवत्ता के बारे में फीड बैक लिया। बुकिंग कार्यालय, आरक्षण केंद्र में भी टीम ने निरीक्षण किया। टिकट और सामान बुक कराने पहुंचे लोगों से सुविधा को लेकर बातचीत की। इस दौरान सीटीआई टीएन पांडेय, डीसीआई डीके श्रीवास्तव, प्लेटफॉर्म निरीक्षक जफर अहमद आदि मौजूद थे। इसी क्रम में लखनऊ, छपरा, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बस्ती, गोंडा, खलीलाबाद, आजमगढ़, बलिया, बेल्थरा रोड, एवं सीवान सहित प्रमुख स्टेशनों पर वरिष्ठ रेल अधिकारियों के नेतृत्व में अभियान चलाकर खानपान की गुणवत्ता देखी गई और गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की गई।