महराजगंज। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मासूमों की मौत को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला फूंका। सभी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया। साथ ही सीएम योगी के इस्तीफे की मांग की। आम आदमी पार्टी की ओर से सक्सेना चौक पर प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। साथ ही इस पूरे प्रकरण में कसूरवारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजू गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। मासूमों की मौत से यह साबित हो गया है कि भाजपा सरकार को लोगों के स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं है। अगर प्रदेश सरकार गंभीर रहती तो ऐसी उदासीनता नहीं होती।
संगठन के प्रदेश सचिव राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि हृदय को दहला देने वाली घटना से पूरा प्रदेश आहत है लेकिन प्रदेश पर इसका जरा भी असर नहीं है। नैतिकता के आधार पर सीएम को इस्तीफा दे देना चाहिए। लेकिन पता नहीं किन कारणों से सरकार खामोश बैठी है। उन्होंने मृतक परिजनों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान अवधेश, शिवराज, सूरज कुमार, अभिमन्यू, रमेश, नरेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी की ओर से सक्सेना चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला संयोजक पशुपति नाथ गुप्ता ने कहा कि यह बेहद दु:खद घटना है। ऐसे में सीएम को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। सीएम के गृह जनपद में मासूमों ने तड़प कर दम तोड़ दिया और सरकार विकास की बात करती है। इस दौरान केएम अग्रवाल, जयप्रकाश पटेल, दामोदर पांडेय, जगन्नाथ चौधरी, आविद अली, छोटेलाल आदि मौजूद रहे।
कैंडल मार्च निकाल श्रद्धांजलि दी
महराजगंज/घुघली। शनिवार की शाम नगर में चौक पर लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर मृत मासूमों समेत अन्य को श्रद्धांजलि दी। सभी ने इस घटना पर शोक प्रकट करते हुए घटना में लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सभी ने आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
नगर में कैंडल मार्च के दौरान रतन गुप्ता, आकाश कश्यप, मुरली मनोहर, आकाश श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, विशाल कश्यप, सतीश वर्मा, विष्ण मद्धेशिया, दिनेश कुमार, प्रियांशु सिंह, मोहम्मद खालीद, विट्टू, गौरव आदि मौजूद रहे। घुघली नगर में सामाजिक संगठनों ने कैंडल जलकार मृत बच्चों को श्रद्धांजलि दी। कैंडल लिए लोग टैक्सी स्टैंड हनुमानगढ़ी से डीएबी तिराहा होते सुबाष चौक पहुंचे। यहां हुई सभा में पूर्व चेयरमैन सुरेश कुमार रुंगटा, शिक्षक चंद्रमौलि मिश्र, संदीप पांडेय, मुकेश अंसारी, अर्जुन पटेल, बद्रीश पांडेय, दिलीप जयसवाल आदि मौजूद रहे।
नगरवासियों में गम और गुस्सा
महराजगंज। गोरखपुर मेडिकल कालेज में हुई मौत को लेकर नगर के लोगो में गम और गुस्सा है। इस मसले पर सरकार की उदासीनता को लेकर लोगो में रोष हैं। सभी इस पूर प्रकरण में कसूरवारो के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं। पीजी कालेज में शिक्षक डा. शांति शरण मिश्र ने कहा कि लापरवाही के कारण यह घटना हुई। आक्सीजन के आभाव में मासूमों ने दम तोड़ दिया और सरकार अब खामोश है। डाक्टर राकेश ने भी इस मसले पर गहरा शोक प्रकट करते हुए सरकार की आलोचना की। वही युवा समाज सेवी आत्माराम गुप्त ने शोक संवेदना प्रकट करते हुए रोष प्रकट किया। साथ ही आश्रितों को 30-30 लाख रुपये मदद की मांग की।