गोरखपुर।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को रविवार को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन मिलेगा। इसके लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लगने वाले कैंप में सरकार के मंत्री, विधायक मौजूद रहेंगे।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी अतुल निगम ने बताया कि पूर्वांचल के 21 जिलों में 166 उपकेंद्रों पर मेगा कैंप लगाया जा रहा है। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में लगने वाले इन कैंपों में पहुंचकर मुफ्त बिजली कनेक्शन लिए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि नए संयोजन देने की ‘सुगम संयोजन योजना’ लागू है। इसके तहत जहां विद्युतीकरण नहीं है, वहां तीन उपभोक्ताओं पर एक खंभा लगाकर एलटी लाइन का विस्तार विभागीय खर्चे पर करके कनेक्शन दिए जाएंगे। एसई शहर एके सिंह ने योजना का लाभ लेने के लिए लोगों से कैंप में शिरकत करने की अपील की।
शहर में यहां कैंप
गोरखपुर में तारामंडल उपकेंद्र के पास अंबे पैलेस, खंडीय कार्यालय बक्शीपुर, खंडीय कार्यालय मोहद्दीपुर में कैंप।
देहात क्षेत्र में यहां कैंप
देहात डिवीजन चौरीचौरा, पीपीगंज, पिपराइच, बड़हलगंज, गोला बाजार, सहजनवां समेत महराजगंज टाउन, निचलौल, सिसवा, घुघली, आनंदनगर, नौतनवा और सोनौली में कैंप लगेंगे। एसई ग्रामीण एके श्रीवास्तव ने लोगों से कैंप में आकर मुफ्त कनेक्शन हासिल करने की अपील की।
सस्ते दर पर एलईडी बल्ब और ट्यूबलाइट भी मिलेगी
इन कैंपों में सस्ते दर पर एलईडी, ट्यूबलाइट और पंखे भी खरीदे जा सकते हैं। इसके लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।
ये हैं लाभार्थी
- बीपीएल परिवार, 25580.00 से कम वार्षिक आय वाले पूर्ववर्ती अंत्योदय योजना के लाभार्थी, उज्ज्वला योजना के चयनित अभ्यर्थी, गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले आवासीय योजना के आवंटी, जिलाधिकारी द्वारा निर्गत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले अभ्यर्थी कैंप में कनेक्शन पा सकेंगे।