गोरखपुर। लोकसभा चुनाव में ड्यूटी करने वाले अभिभावकों एवं शैक्षणिक संस्थानों के अनुरोध पर गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन 25 मई तक कर सकते हैं। पहले अंतिम तिथि 15 मई थी।
अल्पसंख्यक कॉलेजों में भी स्नातक कक्षाओं में 50 फीसदी सीटों पर दाखिला संयुक्त प्रवेश परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों का होगा। 50 फीसदी प्रवेश अल्पसंख्यक कॉलेज खुद लेंगे। प्रवेश प्रक्रिया के समन्वयक प्रो राजवंत राव ने बताया कि इस अंचल में सातवें चरण में होने वाले चुनावों में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने वाले अभिभावकों तथा शैक्षणिक संस्थानों के अनुरोध पर कुलपति प्रो. वीके सिंह ने आवेदन की तिथि बढ़ाई है। विशेष परिस्थितियों में लिए गए इस निर्णय के बाद आवेदन की तिथि किसी भी दशा में नहीं बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जून के दूसरे सप्ताह में ही आयोजित होगी।
वेबसाइट पर महाविद्यालयों की सीटों की सूची उपलब्ध
गोरखपुर। समन्वयक प्रो. राजवंत राव ने बताया कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर संबद्ध महाविद्यालयों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों का विवरण उपलब्ध है। महाविद्यालयों संबंधित विवरण की पुष्टि कर लें। अगर कोई गलती है तो 20 मई तक कुलसचिव कार्यालय में संशोधन के लिए महाविद्यालय आवेदन कर सकते हैं।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।