गोरखपुर। एक यात्री की शिकायत पर रेलवे के कामर्शियल स्टॉफ ने सीवान से नई दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस में गोरखपुर स्टेशन पहुंचते ही छापेमारी की। ट्रेन में 456 बोतल पानी बरामद किया गया। बोतलें स्थानीय ब्रांड की थी, जिसे रेलवे परिसर व ट्रेन में बेचने की अनुमति नहीं है। छापा मारने वाली टीम ने पानी की बोतलें जब्त कर लीं। पेंट्रीकार मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई के लिए रेल प्रशासन ने पूर्व मध्य रेलवे को पत्र लिखा है।
ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने सीसीएम आलोक सिंह के मोबाइल फोन पर सूचना दी कि वेंडर स्थानीय ब्रांड का पानी बेच रहा है। पानी की कीमत भी 15 की जगह 20 रुपये ली जा रही है। शिकायत के बाद सीसीएम ने सहायक वाणिज्य प्रबंधक कैटरिंग एवं अन्य स्टॉफ को जांच के लिए भेजा। ट्रेन के गोरखपुर स्टेशन पर पहुंचते ही टीम ने चेकिंग शुरू कर दी। स्लीपर कोच में टॉयलेट के पास 38 बाक्स यानी 456 पानी की बोतलें मिली। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सीपी चौहान ने बताया कि पेंट्रीकार मैनेजर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रेन पूर्व मध्य रेलवे जोन की है, इसलिए मामले से अवगत कराते हुए पत्र लिखा गया है।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।