गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज और बस्ती मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्सिंग पैरामेडिकल स्टॉफ की कमी चुनाव बाद दूर हो जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दोनों मेडिकल कॉलेजों में 507 कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इनकी भर्ती के लिए एजेंसियों का चयन भी कर लिया गया है। लोकसभा चुनाव के बाद प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सरकार ने प्रदेश के तेरह मेडिकल कॉलेजों में संचालित हो रहे लेवल वन के ट्रॉमा सेंटरों में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए इन अस्थायी पदों का सृजन किया है। गोरखपुर बस्ती के साथ ही कानपुर, फर्रुखाबाद, वाराणसी, झांसी, मेरठ, शाहजहांपुर, फैजाबाद, बहराइच, फिरोजाबाद, जालौन, बांदा, आजमगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेजों के ट्रॉमा सेंटरों के लिए भी पैरा मेडिकल स्टाफ की आउटसोर्सिंग से भर्ती की जाएगी। इसके अलावा बड़ी संख्या में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के विभिन्न पदों को भी आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरा जाएगा। सभी पदों के लिए वेतनमान भी निर्धारित कर दिया गया है। इनकी तैनाती के लिए अलग-अलग सात एजेंसियों का भी चयन कर लिया गया है। आचार संहिता के खत्म होने के बाद इन एजेंसियों को नियुक्तियों की जिम्मेदारी दी जाएगी।
चुनाव आयोग के निर्देश पर भर्तियों पर रोक लगाई गई है। आचार संहिता खत्म होने के बाद भर्तियां शुरू की जाएंगी। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए जल्द ही सभी भर्तियों को पूरा किया जाएगा।
- केके गुप्ता, महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा
इन एजेंसियों का हुआ चयन
बाजपेई ट्रेडर्स, हेल्थ इंटरप्राइजेज, जीत सेक्यूरिटी एंड एचआर सर्विसेज, ए स्कावयर, प्रिंसपल सिक्योरिटी एंड एलायड सर्विसेज, लॉयलटेक मैनेजमेंट सर्विस, इंटेलीजेंस सिक्योरिटी ऑफ इंडिया।
इन पदों पर होगी तैनाती
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज
स्टाफ नर्स- 56
एक्सरे, लैब टेक्नीशियन- 13
तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी- 196
बस्ती मेडिकल कॉलेज
स्टाफ नर्स- 175
एक्सरे, लैब टेक्नीशियन, आपरेटर- 67