फिर मिलेगा नौनिहालों को गर्म भोजन
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। करीब दो साल बाद आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को फिर से गर्म भोजन मिलेगा। जिले में हॉट कुक्ड फूड योजना की शुरूआत जल्द होगी। जिले में कुल 3133 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इसमें शहरी क्षेत्र के 143 केंद्र शामिल हं। सभी केंद्रों पर एक लाख 51 हजार 685 बच्चे नामांकित हैं।
आंगनबाड़ी केंद्र पर नामांकित 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को लिए शासन स्तर से फिर हाट कुक्ड फूड योजना शुरू की जा रही है। योजना के क्रियान्वयन की तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है। शासन से निर्देश मिलने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्म भोजन देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्र पर आधारभूत सुविधाएं जैसे बर्तन, गैस आदि की व्यवस्था न होने के कारण इस बार भोजन पकाने की जिम्मेदारी नजदीक के परिषदीय स्कूल को दी गई है। यहां के रसोई गैैस व अन्य संसाधनों के द्वारा भोजन तैयार कराया जाएगा। योजना के लिए भारत सरकार की ओर से रियायती दर पर मिलने वाले खाद्यान्न का उठान खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा कोटेदार के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र को उपलब्ध कराया जाएगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को गर्म पका पकाया भोजन दिया जाए, इसके लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी तय करेंगे कि किस परिषदीय स्कूल में बच्चों के लिए भोजन तैयार किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि योजना को संचालित करने के लिए सभी ग्राम प्रधानों को खाता खुलवाने के लिए जानकारी दी जा चुकी है। आंगनबाड़ी केंद्र पर हाट कुक्ड फूड योजना शुरू करने की सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है। शासन की ओर से तिथि निर्धारित किए जाने के बाद से योजना का लाभ केंद्र पर बच्चों को लाभ मिलने लगेगा।