गोरखपुर।
बीआरडी कांड की विवेचना कर रहे सीओ कैंट अभिषेक सिंह ने मेडिकल कॉलेज बाल रोग विभाग के सभी डॉक्टरों से पूछताछ की। इसके लिए उन्होंने प्रिंसिपल से अनुमति भी ली थी। प्रिंसिपल ने सभी डॉक्टरों को पुलिस का सहयोग करने को पत्र भी जारी किया था। करीब दो घंटे की पूछताछ के दौरान मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन सप्लाई से जुड़े कई सवाल जवाब किए गए।
बीआरडी कांड में पुलिस विवेचना पूरी कर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। इस पूरे प्रकरण में कहीं भी आरोपियों को जमानत न मिल सके इसके लिए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। इसी सिलसिले में मंगलवार को सीओ आफिस में बाल रोग विभाग के डॉक्टर बुलाए गए थे। पुलिस ने कर्मचारियों से पहले ही पूछताछ किया था। पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस के हाथ पर्याप्त दस्तावेजी साक्ष्य भी लग चुके हैं। डॉक्टरों से तकनीकी पहलुओं पर पूछताछ कर जानकारियां ली ई है। सीओ आफिस में बाल रोग विभाग के डॉ. विवेक सिंह, डॉ. अजय कुमार सोनी, डॉ. मासिया फातिमा, डॉ. अनीश संजय, डॉ. सिद्धार्थमणि दुबे, डॉ. देवेंद्र प्रताप, डॉ. विजय यादव, डॉ. सतीश चंद्र, डॉ. शहनवाज जमाल, डॉ. संजय वर्मा, डॉ. विनय शुक्ला, डॉ. अरविंद उपाध्याय मौजूद थे।