बखिरा(संतकबीरनगर)।बुधवार शाम को खेत में दवा छिड़कने गई क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ गांव के युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़ित द्वारा घरवालों को जानकारी देने के बाद बृहस्पतिवार को पीड़ित पक्ष थाने पर पहुंचा। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और जानमाल की धमकी का केस दर्ज किया है।
किशोरी की मां का आरोप है कि बुधवार शाम को उसकी 16 साल की बेटी खेत में दवा छिड़कने गई थी। लौटते वक्त करीब छह बजे सुनसान पाकर गांव का ही एक युवक उसके साथ छेड़खानी करने लगा। शोर मचाने पर बेटी के मुंह पर कपड़ा रखकर जबरन खींचकर झाड़ी में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी देने पर बेटी को जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गया। देर से पहुंचने पर उन्होंने बेटी को डांटा और भला बुरा कहा तो डर के मारे उसने कुछ नहीं बताया। गुरुवार सुबह तबीयत खराब होने पर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो बेटी ने आपबीती सुनाई। इसके बाद वह बेटी को लेकर थाने पहुंची और तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। एसओ रामभवन यादव ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और जानमाल धमकी का केस दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया और आरोपी की तलाश की जा रही है।