संतकबीरनगर। डेढ़ माह पहले महुली क्षेत्र के हरिहरपुर में स्थित मोबाइल की दुकान में हुई चोरी का रविवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। इसके साथ ही चुराए गए 45 मोबाइलों के साथ एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए शख्स ने बताया कि वह पांचवीं पास है और खर्च पूरा करने के लिए उसने वारदात की।
एसपी हेमराज मीणा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि महुली में तैनात एसआई नसीबुद्दीन सिद्दीकी अपने सहयोगियों के साथ शनिवार को क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सूचना पर घोरहट पेट्रोल पंप के पास से एक युवक को झोले में रखे चोरी की मोबाइलों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान गोविंद कुमार पुत्र लल्लू प्रसाद चौहान निवासी सुबखरी थाना महुली के रूप में हुई। तलाशी में झोले में रखा विभिन्न कंपनियों का नया ओर पुराना 45 मोबाइल और एक हेड फोन बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने बताया कि 30 मई की रात हरिहरपुर में स्थित मोनू कुमार की दीक्षा मोबाइल नाम की दुकान में छत के रास्ते घुसकर जीने का फाटक तोड़कर उसने बरामद मोबाइलों को चुराया था।
मोबाइलों को लेकर वह बस्ती बेचने जा रहा था कि पुलिस की पकड़ में आ गया। वह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है। उसके पिता शारीरिक रूप से कमजोर हैं, चल फिर नहीं पाते हैं। खुद के और घर के खर्च के लिए पैसों की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही थी। जिसकी वजह से उसने पहले रैकी की फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने यह भी बताया कि वह विवाहित है। चोरी करने की घटना पर पश्चाताप कर रहा था। पकड़े गए शख्स के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया। इस दौरान एएसपी अशोक वर्मा और सीओ तनवीर अहमद भी मौजूद रहे।