जीएसटी लागू होने के बावजूद मंडी शुल्क लेने के विरोध में व्यापारियों ने साहबगंज मंडी में धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। उन्होंने एलान किया कि जब तक मंडी शुल्क खत्म नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
सोमवार को गोरखपुर किराना अतिथि भवन पर सैकड़ों व्यापारी एकत्र हुए। वे जुलूस निकालकर खुनीपुर चौक पहुंचे और वहां धरना-प्रदर्शन किया। प्रधर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए किराना कमेटी के महामंत्री गोपाल जायसवाल ने कहा कि जब पूरे देश मे एक टैक्स, एक बाजार के तहत जीएसटी लागू किया गया है तो उत्तर प्रदेश के व्यापारियों से मंडी शुल्क के नाम पर अतिरिक्त टैक्स क्यों लिया जा रहा है। अन्य प्रदेशों में यह शुल्क नहीं लिया जाता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि व्यापारी इसे स्वीकार नहीं करेंगे। आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए किराना कमेटी अतिथि भवन में चार जुलाई को सुबह 10 बजे व्यापारियों की बैठक बुलाई गई है। व्यापारियों का यह आंदोलन मंडी शुल्क की समाप्ति तक जारी रहेगा। प्रदर्शन में किराना कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चंद बंसल, उपाध्यक्ष राजेंद्र मद्धेशिया, शत्रुघ्न प्रसाद मद्धेशिया, उमेश चंद्र मद्धेशिया, हीरालाल, अतुल कुमार अग्रवाल, मनीष कुमार, विजय कुमार गुप्ता, अरुण कुमार गुप्ता, राजेंद्र कुमार, दिनेश कुमार मद्धेशिया आदि शामिल थे।