गोरखपुर। चार फ ाटक एवं मोहद्दीपुर रेलवे क्रॉसिंग के बीच स्थित पुराने कोचिंग डिपो में बुधवार को एनईआर के जीएम ने वाशिंग पिट का शुभारंभ किया। इससे अब अधिक डिब्बे वाली गाड़ियों की सफ ाई और मरम्मत आसान हो जाएगी।
छोटी रेक की एक से अधिक गाड़ियों की मेंटेनेंस में भी आसानी होगी। पूर्व में वाशिंग पिट की लंबाई कम होने के कारण बड़ी रेकों की धुलाई के लिए ट्रेनों का पार्ट प्लेसमेंट करना पड़ता था, जिसमें समय अधिक लगता था। शंटिंग में भी समय बर्बाद होता था। मगर अब इन दोनों समस्याओं का समाधान हो गया है। पांच करोड 88 लाख 64 हजार की लागत से इस पिट का विस्तार किया गया है। वाशिंग पिट की लाइन नंबर एक को 162.65 मीटर व लाइन नंबर तीन को 210.90 मीटर बढ़ाया गया है। इस दौरान जीएम ने पिट का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर अपर महाप्रबंधक एसएल वर्मा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक पीएन राय, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एके सिंह, एलएम झा, आलोक सिंह, इंजीनियरिंग, यांत्रिक व अन्य विभागों तथा लखनऊ मंडल के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।