फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्याय योजना इंजन में डीजल की तरह : राहुल

Thu, 16 May 2019 11:53 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
कुशीनगर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमले के साथ ही कांग्रेस घोषणा पत्र और न्याय योजना के बारे में लोगों को समझाया। कहा कि न्याय देश के विकास में इंजन के अंदर डीजल की तरह साबित होगा। मथौली के किसान इंटरमीडिएट कॉलेज के मैदान में जुटी भीड़ से उत्साहित राहुल ने भाषण की शुरुआत जनता से संवाद कायम कर की। करीब 27 मिनट तक चले भाषण के दौरान राहुल गांधी के निशाने पर सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी ही रहे।
विज्ञापन


कहा, पहले नारे लगाए गए थे, ...अच्छे दिन आएंगे, 100 दिन में कुशीनगर में चीनी मिल शुरू हो जाएगी, दो करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेेंगे...मिला क्या? 15 लाख रुपये बैंक खाते में आए क्या? ... नहीं ना। मैं ऐसे झूठे वादे नहीं करूंगा और न ही मेरी आदत में शुमार है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में सरकार बनते ही दो दिनों में किसानों का कर्जा माफ कर दिया गया। यहां तक कि पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के किसान भाई का भी कर्जा माफ किया गया है। छत्तीसगढ़ में किसानों को धान का सबसे ज्यादा समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 15 लोगों को लाखों-करोड़ रुपये दे दिया। मैं करोड़ों लोगों को लाखों रुपये देना चाहता हूं। न्याय योजना के अंतर्गत देश के पांच लाख परिवारों के बैंक खातों में हर साल 72 हजार रुपये आएंगे। नोटबंदी के दौरान महिलाओं के जमा पैसों को मोदी जी ने छीन लिया था, मैं उन्हें लौटना चाहता हूं। इसी वजह से न्याय योजना का पैसा घर की महिला सदस्यों के बैंक खातों में जाएगा। इतना ही नहीं न्याय योजना से लाखों लोगों को नौकरी भी मिलेगी। इससे देश की रुकी हुई अर्थव्यवस्था चल पड़ेगी। यह इंजन के अंदर डीजल की तरह साबित होगा। चाभी घुमाएंगे और अर्थव्यवस्था पटरी पर दौड़ पड़ेगी। इस दौरान कुशीनगर से प्रत्याशी आरपीएन सिंह, विधायक अजय कुमार लल्लू समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

... मूड कैसा है ... आइए टेस्ट करते हैं

राहुल ने सभा की शुरुआत लोगों को मूड परखने से की। पूछा-मूड कैसा है आपका? ... आइए टेस्ट करते हैं। बोला चौकीदार... लोगों के बीच से आवाज आई चोर है। चार बार नारा लगवाया। फिर कहा नारा लगाने में कुशीनगर के लोग दूसरे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर चंडीगढ़ है।
विज्ञापन
विज्ञापन


नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें