गोरखपुर। ड्यूटी में लापरवाही पर दो टीटीई व सीटीटीई को निलंबित कर दिया गया। गोरखधाम एक्सप्रेस में टिकट चेक करने के लिए ड्यूटी पर लगाए गए ये लोग लखनऊ के बजाय बस्ती में ट्रेन पर चढ़े। इसी ट्रेन में सफर कर रहे पीसीसीएम (प्रिंसिपल चीफ कामर्शियल मैनेजर) ने इस पर नाराजगी जताई। पीसीसीएम के निर्देश पर एससीएम टीसी राजाराम ने पीसीसीएम स्क्वॉड के दो टीटीई और एक सीटीटीई को निलंबित कर दिया। इन्हें मुख्यालय से अटैच करते हुए एक सप्ताह में स्पटीकरण भी मांगा गया है।
एससीएम टीसी राजाराम ने बताया कि रविवार को दिल्ली से गोरखपुर आ रही गोरखधाम 12556 से पीसीसीएम शिवराज सिंह आ रहे थे। पूरी ट्रेन की लखनऊ से गोरखपुर तक चेकिंग की जानी थी। इसके लिए गोरखपुर से दो टीटीई गुलाम सरवर और एसवाई जफर की बुकिंग की गई थी। बुकिंग के अनुसार दोनों को गोरखधाम एक्सप्रेस में लखनऊ से गोरखपुर तक चेकिंग करनी थी।
ट्रेन जब लखनऊ से बढ़ी तो कुछ देर बाद ही चेन पुलिंग होने लगी। इस पर पीसीसीएम ने चेकिंग के लिए लगाए गए टीटीई को गोंडा में उनसे मिलने का आदेश दिया। गोंडा में ट्रेन रुकी तो उनके पास सिर्फ एक ही टीटीई गया। पूछताछ में पता चला कि बाकी दो अन्य बस्ती में चढ़ेंगे। वह लखनऊ तक आए ही नहीं थे। इस पर पीसीसीएम ने दोनों टीटीई के साथ ही सीटीटीई अनिल कुमार श्रीवास्तव को भी निलंबित करने का आदेश दिया।