गोरखपुर/ खजनी।
खजनी ब्लॉक के धाधूपार गांव में बनी पानी की टंकी ट्रायल के दौरान पानी भरते वक्त ढह गई। मलबे में दबकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उधर, सहजनवां विधायक शीतल पांडेय ने नगर विकास मंत्री को पत्र लिखकर मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जल निगम ने तीन साल पहले 38 हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण शुरू कराया था। रविवार की रात ट्रायल के लिए टंकी में पानी भरा जाना शुरू हुआ, सुबह करीब चार बजे तक टंकी में 15 हजार लीटर भरा था कि टंकी का पिलर लोड नहीं सका और पूरी टंकी ढह गई। चपेट में आकर सिद्धार्थनगर जिले के दो मजदूर अजय और सुधाकर घायल हो गए, दोनों जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। कुछ ही देरी में भारी संख्या में गांव वाले जुट गए। गांव के प्रह्लाद पांडेय ने 100 नंबर पर डॉयल कर पुलिस को इत्तला की। जल निगम में जेई ने ठेकेदार दिनेश चंद त्रिपाठी के खिलाफ खजनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
तीन गांवों में होनी थी पानी की सप्लाई
पानी की टंकी की क्षमता 38 हजार लीटर थी। इससे धाधूपार, बिहारी और डोडो गांव में सप्लाई देने की तैयारी थी। गांव के लोगों का कहना है कि ट्रायल के दौरान ही टंकी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई।
1.57 करोड़ की लागत से बनी थी
जलनिगम ने तीन साल पहले करीब 1.57 करोड़ की लागत से पानी की टंकी का निर्माण शुरू कराया था। ग्रामीणों की ओर से घटिया निर्माण की शिकायत की गई, आरोप है कि कमीशन के खेल के चलते शिकायतों को अनसुना कर दिया गया।
घटिया निर्माण के चलते ढही टंकी : विधायक
गोरखपुर। सहजनवां विधायक शीतल प्रसाद ने नगर विकास मंत्री को लिखे पत्र में पानी की टंकी के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाया है। विधायक ने जल निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आर्थिक क्षतिपूर्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
कोट
ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आदेश के बावजूद ठेकेदार ने मेटेरियल की टेस्टिंग नहीं कराई। ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। : डीपी मिश्रा, एक्सईएन जलनिगम