गोरखपुर।
बीआरडी कांड के 9वें आरोपी ऑक्सीजन सप्लायर पुष्पा सेल्स के मालिक मनीष भंडारी की तरफ से सोमवार को जमानत के लिए कोर्ट में अर्जी डाली गई। प्रभारी न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए नौ अक्टूबर की तारीख तय की है।
जिला जेल में मनीष भंडारी के अलावा डॉ. राजीव मिश्र, डॉ. कफील खान, पूर्णिमा शुक्ला, डॉ. सतीश सहित अन्य आरोपी बंद हैं। 17 सितंबर को सीओ कैंट अभिषेक सिंह की टीम ने घेराबंदी कर मनीष को गिरफ्तार किया था। उनके ऊपर ऑक्सीन सप्लाई रोकने का आरोप है। पुष्पा सेल्स ही बीआरडी में ऑक्सीजन की सप्लाई करती थी। करीब 69 लाख रुपये की बकायेदारी का हवाला देकर मनीष ने सप्लाई रोक दी थी। इससे स्थिति बिगड़ गई। केस दर्ज होने के बाद मनीष भंडारी पुलिस को चकमा देते रहे। उनकी गिरफ्तारी सबसे अंत में हुई। मेडिकल कांड के सभी आरोपी जमानत के लिए लगे हुए हैं।