गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के भारतीय सेना पर टिप्पणी करने से लोगों में गुस्सा है। इससे नाराज शिव राष्ट्र सेना, उत्तर प्रदेश के बैनर तले बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने गीता प्रेस के पीछे किराना मंडी में आजम खान का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आजम खान पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
महानगर अध्यक्ष वैभव अग्रहरि ने कहा कि आजम खा ने भारतीय सेना पर टिप्पणी करके शहीदों, उनके परिवारों और देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में भारतीय सेना के ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणी करना बेहद गलत है। आजम खान ने जिस सेना पर टिप्पणी की है वह यह भूल रहे हैं कि इसी सेना की वजह से आजम खान इस देश में सुरक्षित हैं। प्रदर्शनकारियों ने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई इस कदर सेना के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के हिम्मत न करे। उन्होंने आजम खान को जेल भेजने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में संयोजक रितेश कुमार, अंकित शर्मा, अंकित गुप्ता, सूरज गौड़, सुधीर कुमार, अनिल निषाद, रामू, शिवम गुप्ता, राम चंद्र गुप्ता, शिवम मिश्रा, राजू पहलवान, अमर आनंद और मिलन पासवान आदि शामिल थे।