गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के परास्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए चल रही ऑनलाइन परीक्षाएं सोमवार को संपन्न हो गईं। स्नातक कक्षाओं में प्रवेश कार्य पांच जुलाई से शुरू होगा। 26 जून को बीजे की प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन होगी।
प्रवेश समन्वयक प्रो राजवन्त राव ने बताया कि परास्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन परीक्षाओं में सम्मिलित अभ्यर्थी 25 जून की शाम से अपनी प्रश्नोत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकेंगे। इसमें प्रश्न, उसका सही उत्तर तथा अभ्यर्थी द्वारा दिये गए उत्तर का विवरण उपलब्ध होगा। किसी भी प्रकार की आपत्ति 27 जून की मध्यरात्रि तक दिए गए ऑनलाइन लिंक पर की जा सकेगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
सोमवार को सुबह के सत्र में प्राणिविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, भूगोल और उर्दू की परीक्षा में पंजीकृत 1203 अभ्यर्थियों में से 1033 शामिल हुए जबकि शाम की पाली में समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, सतत एवं प्रसार शिक्षा, मनोविज्ञान एवं बीएससी नर्सिंग(पोस्ट बेसिक) की परीक्षा में पंजीकृत 1201 अभ्यर्थियों में से 1036 उपस्थित रहे।