फोटो
मोहरीपुर वृद्धाश्रम
कमिश्नर की फटकार पर सुधरी आश्रम की व्यवस्था
- लगाए गए पंखे और कूलर, मिलने लगा साबुन, दूध और अच्छा भोजन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। समाज कल्याण की देखरेख में मोहरीपुर में संचालित वृद्धाश्रम में जरूरी सुविधाएं बृहस्पतिवार से मिलने लगीं। कमिश्नर जयंत नार्लीकर के निर्देश के बाद आश्रम के संचालक एलएन मौर्य ने पंखे और कूलर लगवाए। आश्रम में वृद्धों को सर्फ, साबुन, दूध आदि सामग्री भी दी गईं। वहीं भोजन भी निर्धारित मेनू के अनुसार दिया गया। आश्रम के संचालक ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन का विवाद भी उप निदेशक समाज कल्याण के हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया।
आश्रम में रहने वाले बुजुर्गाें ने तीन दिन पहले कमिश्नर से मिलकर शिकायत की थी कि उन्हें पूरा भोजन, दूध आदि नहीं मिलता। उनकी ठीक से देखरेख नहीं हो रही है। यहां तक कि रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी नहीं हो रहीं हैं। अभी इस मामले की जांच चल ही रही थी कि मंगलवार को कर्मचारियों ने कमिश्नर से शिकायत की कि संचालक उन्हें जबरन आश्रम से बाहर निकालना चाहते हैं। उन्हें कई महीने से वेतन तक नहीं मिला। विरोध करने पर संचालक ने मारा-पीटा भी जाता है। उधर, संचालक एलएन मौर्या ने कर्मचारियों के आरोपों को झूठा बताया। कहा, कर्मचारी उनसे दुर्व्यवहार करते हैं। मामला कमिश्नर के पास पहुंचने पर उन्होंने तीन दिन में समस्या हल करने की बात कही थी।
बृहस्पतिवार से सुविधा बढ़ा दी गई है। अब हमें कोई दिक्कत नहीं है। यह सब कमिश्नर के हस्तक्षेप के बाद ही संभव हुआ।
रामतीरथ, आश्रमवासी
सुबह भोजन अच्छा मिला। सर्फ, साबुन भी हमें दिया गया। अब कोई परेशानी नहीं है। पंखे और कूलर भी लगा दिए गए हैं।
राजपती देवी, आश्रमवासी