शाहपुर इलाके के करीम नगर स्थित राणा नर्सिंग होम में बच्ची की मौत पर बृहस्पतिवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों का आरोप था कि मौत डॉक्टर की लापरवाही से हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
कुशीनगर जिले के सरैया महंथ पट्टी निवासी विवेक कुमार कुशवाहा के पत्नी पुष्पा देवी को बुधवार की प्रसव पीड़ा होने पर कसया मे भर्ती कराया था। दिक्कत बढ़ने पर वहां के डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिवार के लोगों ने बुधवार की दोपहर पुष्पा को मेडिकल कॉलेज की जगह विजय चौक स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां देर शाम ऑपरेशन से बच्ची पैदा हुई। प्रसव के बाद कुछ परेशानी के चलते डॉक्टरों ने बच्ची को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो वहां जगह नहीं मिली। इसी दौरान एक एंबुलेंस चालक मिला और अच्छे इलाज का भरोसा देकर राणा हास्पिटल ले आया।
परिवार के लोगों का आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह वे फिर मेडिकल कॉलेज जाना चाह रहें थे, लेकिन हास्पिटल प्रशासन बीस हजार रुपये जमा करने के बाद ही रेफर करने का दबाव बना रहा था। इसी बीच बच्ची की मौत हो गई। जिसके बाद घरवाले भड़क गए। राणा नर्सिंग होम के प्रबंधक ने बताया कि बच्चे की स्थिति बेहद नाजुक थी। सुबह से ही घरवाले डिस्चार्ज करने को कह रहे थे कि मगर वह फीस नहीं दे रहे थे। अस्पताल प्रशासन की गलती नहीं है।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।