गोरखपुर। महिलाओं के साथ बढ़े अपराध से चिंतित एडीजी वूमेन पॉवर लाइन अंजू गुप्ता ने जोन के पुलिस अफसरों के साथ बैठक की। बुधवार को पुलिस लाइंस में बैठक में उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी इंतजाम बढ़ाएं। ऐसी व्यवस्था करें कि महिलाओं, युवतियों के साथ घटनाएं न होने पाए। यदि घटना हो जाए तो आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्हें सजा दिलाने की पैरवी पुलिस करे।
एडीजी ने एंटी रोमियो स्क्वॉड को और सक्रिय करने का आदेश दिया। कहा कि स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी होनी चाहिए। बसों में यात्रा के दौरान महिलाएं सुरक्षित हो, उसका भी इंतजाम करें। बसों में महिलाओं की सहायता के लिए चलाए जा रहे नंबरों की जानकारी होनी चाहिए। सार्वजनिक स्थानों पर सीसी टीवी कैमरा ज्यादा से ज्यादा हो, उसके लिए पुलिस संभ्रात लोगों से संपर्क कर व्यवस्था बनाएं। महिलाओं की सुरक्षा हो इसके लिए प्लान तैयार कर पुलिस उस पर काम करें। हाल के दिनों में हुए बच्चियों से दुष्कर्म व अन्य अपराध के आंकड़ों पर भी चर्चा की। इस पर कई दिशा-निर्देश भी उन्होंने दिए। इस दौरान एडीजी गोरखपुर दावा शेरपा, आईजी जय नारायण सिंह, एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसपी महराजगंज रोहित सजवाण समेत जोन के अन्य जिले के अफसर मौजूद थे।
पुलिस करेगी मदद, आप भी करें जागरूक
गोरखपुर। एडीजी ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी के संवाद भवन में करीब 200 स्कूल के प्रिंसिपलों के बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रिंसिपल से जागरूकता फैलाने में सहयोग मांगा तो उनसे सुझाव भी लिया। कई प्रिंसिपल ने छात्र-छात्राएं साथ में पढ़ने वाले स्कूलों के बाहर सुबह और छुट्टी के समय पुलिस के व्यवस्था की मांग की, जिस पर एडीजी ने सहमति जताई है। उन्होंने प्रिंसिपल से कहा है कि स्कूल में जागरूक करें। छात्राओं को 1090, डायल 100 आदि के बारे में जानकारी दें। पुलिस आपके साथ हैं आप भी मदद करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की पाठशाला के माध्यम से भी पुलिस छात्रों को जागरूक करने का कार्यक्रम करेगी।