गोरखपुर। गर्मी व पारा दोनों कदमताल मिला रहे हैं। जून में दूसरी बार चली लू से लोग बेचैन रहे। रविवार को सूरज की तपिश के साथ तेज हवा ने झुलसा कर रख दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी एक दो दिन तक ऐसे ही गर्मी बेहाल करेगी।
रविवार को पारा चढ़कर 42 डिग्री पहुंच गया। जो सामान्य से करीब करीब 5.3 डिग्री ज्यादा रहा। शनिवार को भी करीब-करीब ऐसी ही स्थिति थी। पारा 41.2 डिग्री जा पहुंचा। जून में सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा पारा होने की वजह से लू वाली स्थिति मानी जाती है। ऐसे में जून में रविवार को दूसरी बार ऐसी स्थिति बनी। 42 डिग्री पारा और करीब 18 किमी की रफ्तार से हवा चली।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि शनिवार को महराजगंज की ओर से हल्की बारिश हुई। लेकिन सिस्टम के कमजोर पड़ने की वजह से यह गोरखपुर तक नहीं पहुंच सका। सोमवार को गोरखपुर एवं आसपास के इलाकों के ऊपर बादल छाए रह सकते हैं। हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बावजूद तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।