आठ किग्रा पॉलिथीन जब्त, 26 दुकानदारों पर कार्रवाई
- 26 हजार की वसूली, गंदगी फैलाने वालों पर भी लगा जुर्माना
- आरकेबीके से एम्स तक चला निगम व प्रशासन का संयुक्त अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। साहब! अब पॉलिथीन नहीं रखेंगे...। इस बार छोड़ दीजिए। अब कसम खाते हैं, पॉलिथीन में सामान नहीं बेचेंगे। बहुत छोटा आदमी हूं, एक हजार का जुर्माना कैसे दूंगा। पॉलिथीन और अतिक्रमण के खिलाफ आरकेबीके से एम्स तक चले डेढ़ घंटे के अभियान में कई छोटे-बड़े दुकानदार अफसरों के सामने ऐसी कई मिन्नतें करते दिखे। मगर पुराने अनुभवों से सबक लेकर इस बार टीम ने किसी के प्रति दरियादिली नहीं दिखाई। गंदगी पर पान की दुकान हो, पॉलिथीन रखने वाले जनरल स्टोर से लेकर ठेले पर फल बेचने वाले या फिर अतिक्रमण कर ढाबा-दुकानेें चलाने वाले। सभी पर कार्रवाई हुई। इस दौरान आठ किलो पॉलिथीन जब्त की गई और 26 दुकानों से 26 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। 10 से अधिक अवैध अतिक्रमण भी हटाया गया।
एडीएम सिटी राकेश कुमार श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम सुबह 11.30 बजे के करीब मोहद्दीपुर स्थित आरकेबीके पुलिया के पास पहुंची। वहां अदालत समेत मांसाहारी खाने का ढाबा चलाने वालों के अतिक्रमण को ध्वस्त करने के लिए जेसीबी पहुंचते ही ढाबा मालिकों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। इसी तरह पवन मिष्ठान के टीनशेड का छज्जा सड़क में निकला देख टीम ने वहां जेसीबी बुलाई तो वहां के मालिक ने भी हाथ जोड़ लिए। टीम ने उन्हें खुद टीनशेड हटाने की छूट तो दी लेकिन दो सदस्य निगरानी के लिए खड़े कर दिए।
इसके बाद टीम ने एम्स के सामने तक की सभी दुकानों, ठेले पर पॉलिथीन की जांच करनी शुरू की। जनरल मर्चेंट की एक दुकान पर डेढ़ किलो से अधिक पॉलिथीन मिलने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान अपर आयुक्त डीके सिन्हा, सहायक नगर आयुक्त अनिल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुकेश रस्तोगी समेत कई अधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहा।
0
फल सहित गाड़ी पर रखा जाने लगा ठेला
जीआरडी के सामने फल वाले एक ठेले पर पॉलिथीन पकड़े जाने पर नगर निगम की टीम ने उसपर एक हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। इसपर ठेलेवाले न हाथ जोड़ लिए। जब मिन्नतों से बात नहीं बनी तो उसने यह कहना शुरू कर दिया कि उसके पास इतने रुपये ही नहीं है, जुर्माना कैसे भरेगा। इसपर टीम, फल सहित उसका ठेला गाड़ी पर रख निगम भेजने की तैयारी करने लगी। जब ठेला गाड़ी पर लद गया तो कोई विकल्प न देख उसने एक हजार रुपये भरे और फल सहित ठेला छुड़ाया।
0
पान की दुकान पर पांच सौ का जुर्माना
जीडीआरी के पास ही एक पान की दुकान के सामने पत्ते और पान की पीक देख टीम ने उसपर भी पांच सौ रुपये का जुर्माना लगा दिया। साथ ही चेताया कि टीम फिर जांच करेगी और अगर दुकान के सामने कूड़ा रखने के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल होता नहीं मिला तो बड़ा जुर्माना लगाया जाएगा।