गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित बीटेक प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 मेधावियों को टैबलेट प्रदान किया जाएगा। इनकी सूची तैयार की जा रही है। एक दिसंबर को विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर 20 छात्र और 20 छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रबंध बोर्ड ने इसे अपनी संस्तुति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही प्रबंध बोर्ड ने एमएमएमयूटी में गणित के सह आचार्य डॉ. देवेन्द्र कांदू की ओर से अपने पिता काली चरण कांदू की स्मृति में प्रस्तावित स्वर्ण पदक प्रदान किए जाने को सहमति प्रदान की है।
जनसंपर्क अधिकारी अभिजीत मिश्रा ने बताया कि बोर्ड ने प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने को भी मंजूरी दी है। अभ्यर्थी सात जून से आयोजित होने वाली ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए सावधानीपूर्वक पंजीकरण करा लें। इस दौरान भरी गई समस्त सूचनाएं और विकल्पों में बाद में परिवर्तित नहीं किया जा सकेगा। सीट आवंटित हो जाने पर अभ्यर्थियों को अभिलेखों के सत्यापन के लिए समस्त मूल प्रमाणपत्रों के साथ स्वयं उपस्थित होना पड़ेगा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को ईडब्लूएस कोटे का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग के समय ईडब्लूएस आरक्षण विकल्प का चयन करना होगा। सीट एलॉटमेंट होने की स्थिति में निर्धारित प्रारूप पर 31 मार्च 2019 के बाद का जारी किया प्रमाण पत्र अभिलेख सत्यापन के समय प्रस्तुत करना होगा।
प्रबंध बोर्ड में प्रो. एसके श्रीवास्तव को जगह देने की कवायद
मालवीय विश्वविद्यालय के प्रबंध बोर्ड के सदस्य प्रो. उदय शंकर सिंह के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद से उनके स्थान पर मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. एसके श्रीवास्तव को सदस्य नामित किया गया है। राज्य सरकार की संस्तुति के बाद वो बोर्ड के सदस्य हो जाएंगे।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।